Tuesday, 6 May 2025

किसानों की ज़मीन, किसानों का अधिकार — अब और नहीं सहेंगे अन्याय!

“किसानों की ज़मीन, किसानों का अधिकार — अब और नहीं सहेंगे अन्याय!”

वाराणसी से कोलकाता तक बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए हो रहे अन्यायपूर्ण भूमि अधिग्रहण के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसानों ने औरंगाबाद जिला मुख्यालय, दानी बीघा में महाधरना दिया। इस महाधरना की अध्यक्षता महसू गांव के किसान अरविंद सिंह ने की, जबकि मंच संचालन जिला प्रभारी विकास कुमार सिंह ने जोशीले अंदाज़ में संभाला।


किसानों के साथ मज़बूती से खड़े दिखे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व कुटुंबा विधायक राजेश राम, काराकाट सांसद राजाराम सिंह, नबीनगर विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह, और औरंगाबाद विधायक आनंद शंकर सिंह। सभी नेताओं ने कंधे से कंधा मिलाकर किसानों की लड़ाई में साथ देने का ऐलान किया।


कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी!”


काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने सवाल दागा, “जब अन्न की माँग बढ़ रही है, तब कृषि भूमि का अधिग्रहण क्यों?” प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “पहले के प्रधानमंत्री खुद को किसान पुत्र कहते थे, आज का प्रधानमंत्री अपने खून में व्यापार खोजता है — यह अमृतकाल नहीं, मित्रकाल है!”

नबीनगर विधायक डब्लू सिंह ने चेतावनी दी, “किसानों को न्याय दो, वरना चुनाव में तुम्हें धूल चटाएँगे!”


और औरंगाबाद विधायक आनंद शंकर सिंह बोले, “अगर प्रशासन दोबारा ज़मीन पर कब्ज़ा करेगा, तो मैं खुद वहाँ पहुँचकर लड़ूँगा!”


बिहार-झारखंड प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने चौसा थर्मल पावर से प्रभावित किसानों पर अधिकारियों के अत्याचार की कड़ी निंदा की और चेताया, “अगर अधिकारियों ने सुध नहीं ली, तो उनका हश्र भी वही होगा जो बक्सर में देखा गया!”


महत्वपूर्ण बात: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की पगड़ी उछालने की हालिया घटना की किसान मंच से तीव्र निंदा की गई। कहा गया, “किसान का अपमान, देश का अपमान है! किसान झुकता नहीं, जिद करता है — और अपनी ज़मीन, सम्मान और अधिकार के लिए आख़िरी साँस तक लड़ता है!”

महाधरना को संबोधित करते  क्षेत्र संख्या 24 के जिला पार्षद सह उपाध्यक्ष प्रतिनिधी सह राजद के प्रदेश महासचिव इंजीनियर श्री सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि “यह सिर्फ़ ज़मीन की लड़ाई नहीं, यह अस्मिता की लड़ाई है। किसान जाग चुका है, अब सरकार को जगना होगा!


धरना स्थल पर भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रभारी विकास कुमार सिंह, संयोजक वशिष्ठ प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष राजकुमार सिंह, पूर्व सैनिक  नरेंद्र राय, गया पांडेय, भोला पांडेय, सतीश सिंह, बीरेंद्र सिंह, गुप्तेश्वर यादव, अनील सिंह, झूलन सिंह, बलराम सिंह, जयराम सिंह, विजय सिंह ,अमरेश दुबे, रवि दुबे, पवन सिंह, कमला प्रसाद सिंह, जगत सिंह, पप्पू राय, कृष्णनंदन पांडे समेत सैकड़ों किसानों ने अपनी आवाज़ बुलंद की।